धमतरी। नगरी विकासखंड के हरदीभाटा चौक स्थित मुख्य मार्ग पर वन प्राणियों की आवाजाही लगातार खतरे में है। गुरुवार सुबह सड़क पार करते वक्त हिरणों के झुंड में से एक हिरण तेज रफ्तार यात्री बस की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि हिरण की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम पहुंची और मृत हिरण को कब्जे में लेकर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई शुरू की। विभागीय सूत्रों के अनुसार यह इलाका घने जंगलों से घिरा हुआ है, जहां हिरण सहित कई जंगली जानवरों की नियमित आवाजाही रहती है।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि सड़क किनारे स्थित जंगलों से रोजाना जानवर सड़क पार करते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। उन्होंने वन विभाग व प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर गति नियंत्रण बोर्ड, चेतावनी संकेतक और अन्य सुरक्षा उपाय लगाए जाएं ताकि भविष्य में वन्यजीव दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार हादसे हो रहे हैं, लेकिन तेज रफ्तार वाहनों पर न तो नियंत्रण रखा गया है और न ही अब तक किसी वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई हुई है। ग्रामीणों ने वन परिक्षेत्र अधिकारी की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए सख्त कदम उठाने की मांग की है।

