वरिष्ठ IAS अधिकारी विकास शील बने छत्तीसगढ़ के नए मुख्य सचिव

रायपुर, 25 सितम्बर 2025।छत्तीसगढ़ शासन ने प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी विकास शील (भा.प्र.से. 1994) को राज्य का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग, मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर द्वारा शुक्रवार को आधिकारिक आदेश जारी किया गया।

जारी आदेश के अनुसार, वर्तमान मुख्य सचिव अमिताभ जैन (भा.प्र.से. 1989) 30 सितम्बर 2025 अपरान्ह से सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उनकी सेवानिवृत्ति से उत्पन्न होने वाले रिक्त पद पर राज्य शासन ने श्री विकास शील को आगामी आदेश पर्यन्त मुख्य सचिव, छत्तीसगढ़ शासन पद पर पदस्थ करने का निर्णय लिया है। आदेश छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के नाम से तथा सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग रजत कुमार द्वारा जारी किया गया।

राज्य शासन द्वारा जारी आदेश की प्रतिलिपि भारत सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग, मुख्यमंत्री कार्यालय, राजभवन, महालेखाकार, सभी संभागायुक्तों, कलेक्टरों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को सूचनार्थ एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित की गई है। इसके साथ ही आदेश को आगामी राजपत्र में प्रकाशनार्थ भी भेजा गया है।

गौरतलब है कि विकास शील भारतीय प्रशासनिक सेवा के 1994 बैच के अधिकारी हैं। उन्होंने अपने प्रशासनिक करियर में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। वे नीति निर्माण और शासन प्रशासन में अपनी दक्षता के लिए जाने जाते हैं। छत्तीसगढ़ शासन की कई महत्वाकांक्षी योजनाओं के क्रियान्वयन में उनकी सक्रिय भूमिका रही है।

इधर, निवर्तमान मुख्य सचिव अमिताभ जैन राज्य प्रशासन में अपनी स्वच्छ छवि और कुशल नेतृत्व के लिए पहचाने जाते रहे हैं। उनके कार्यकाल में शासन की कई महत्वपूर्ण नीतियों और योजनाओं को दिशा मिली। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से राज्य प्रशासन को बड़ी मजबूती मिली।

विकास शील की नियुक्ति से प्रशासनिक हलकों में नई ऊर्जा आने की उम्मीद जताई जा रही है। विभिन्न विभागों के अधिकारी इसे एक सकारात्मक निर्णय मान रहे हैं। अब देखना होगा कि वे आने वाले समय में राज्य शासन की प्राथमिकताओं और विकास की गति को किस तरह आगे बढ़ाते हैं।

Back To Top