शिवनाथ नदी में डूबने से तीन की मौत, एक युवक को जीवन दान

बलौदाबाजार। रविवार को शिवनाथ नदी में नहाने गए चार दोस्तों के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। नदी में नहा रहे चार में से तीन युवक पानी के तेज बहाव में बह गए, जबकि एक युवक को ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद बचा लिया।

मिली जानकारी के अनुसार, सभी युवक छुट्टी के दिन पिकनिक मनाने और नहाने के लिए शिवनाथ नदी पहुंचे थे। शुरुआत में वे किनारे के उथले हिस्से में खेल-खेल में पानी में उतरे, लेकिन कुछ देर बाद गहराई में चले गए। नदी के बीच बहाव तेज था और अचानक पैर फिसलने से चारों युवक पानी में समा गए।

आसपास मौजूद ग्रामीणों ने शोर सुनते ही दौड़ लगाई और रस्सी की मदद से एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। शेष तीनों की तलाश के लिए पुलिस और गोताखोरों की टीम बुलाई गई। काफी प्रयासों के बाद तीनों के शव बरामद किए गए।

हादसे की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया। मृत युवकों के परिजन घटनास्थल पर पहुंचते ही बेसुध हो गए। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

Back To Top