विरोध तेज , FIR की मांग

जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी,छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के कार्यकर्ता और पदाधिकारी
रायपुर।गुरु घासीदास बाबा और छत्तीसगढ़ महतारी के खिलाफ सोशल मीडिया में अभद्र टिप्पणी का मामला लगातार गर्माता जा रहा है। धार्मिक और सांस्कृतिक आस्था को ठेस पहुंचाने वाले इन पोस्टों के विरोध में छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में प्रदर्शन तेज हो गया है।
बीते दिनों जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के अध्यक्ष अमित बघेल ने छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति तोड़े जाने की घटना पर कड़ा विरोध जताते हुए प्रदर्शन किया था। इस दौरान उन्होंने सिंधी और अग्रवाल समाज के संबंध में विवादित टिप्पणी की, जिसके बाद सामाजिक वर्गों ने उनके खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग उठाई।
इसी कड़ी में शनिवार को जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी और छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के पदाधिकारियों ने रायपुर के धरसींवा क्षेत्र में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। पदाधिकारियों ने विजय राजपूत, दीपक ललवानी और आशीष अग्रवाल पर गुरु घासीदास और छत्तीसगढ़ महतारी के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां करने का आरोप लगाया और धरसींवा थाना में FIR दर्ज करने के लिए लिखित शिकायत सौंपी।
जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी रायपुर ग्रामीण जिला उपाध्यक्ष आदित्य बघेल ने कहा सोशल मीडिया में की गई गाली-गलौज और अपमानजनक टिप्पणियों से पूरे समुदाय की आस्था आहत हुई है, इसलिए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कठोर दंडात्मक कार्रवाई जरूरी है।
उन्होंने कहा कि गुरु घासीदास और छत्तीसगढ़ महतारी राज्य की अस्मिता के प्रतीक हैं, जिनका अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं जिला मंत्री तारण साहू ने कहा कि हमारे महापुरुषों का अपमान पूरे राज्य का अपमान है और दोषियों पर तुरंत FIR होनी चाहिए।
विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना रायपुर ग्रामीण जिला उपाध्यक्ष गोविंद वर्मा, JCP जिला सहसचिव जागेश्वर साहू, जिला सचिव सागर वर्मा, जिला मंत्री राजू साहू, JCP धरसींवा खंड अध्यक्ष उमेश निषाद सहित कई संगठन प्रतिनिधि मौजूद थे।

