राष्ट्रीय स्तरीय रौतिया समाज युवा महोत्सव 2026 का भव्य समापन
समाज को एकता में बाँधने का सबसे प्रभावी माध्यम परिवार : प्रकाश भाऊ ऊईके

प्रकाश भाऊ ऊईके का उदबोधन
जशपुर।स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर रौतिया समाज की ओर से राष्ट्रीय स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन जिला मुख्यालय से लगभग 20 किलोमीटर दूर बरगांव में किया गया। दो दिवसीय राष्ट्रीय रौतिया समाज युवा महोत्सव 2026 भव्य, अनुशासित एवं ऐतिहासिक वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
महोत्सव के मुख्य अतिथि प्रकाश भाऊ ऊईके, पूर्व न्यायाधीश एवं वरिष्ठ सलाहकार, राष्ट्रीय अनुसूचित जनजातीय आयोग, नई दिल्ली (भारत सरकार) रहे। उनके आगमन पर आत्मीय स्वागत किया गया। वहीं हाथ जोड़कर उइके ने अपनत्व के भाव से अभिवादन किया। नागड़ो की थाप में झूमते हुए लोग गीतों के साथ उन्हें मंच तक लिया गया। इस दौरान समाज के लोग परम्परागत परिधान में नजर आएं।

रौतिया समाज के लोग प्रकाश भाऊ ऊईके का स्वागत करते हुए
अपने प्रेरणादायी उदबोधन में उन्होंने कहा समाज को एकता में बाँधने का सबसे प्रभावी माध्यम परिवार है। यदि परिवार के सभी सदस्य एक साथ बैठकर भोजन करें, तो आपसी संवाद, प्रेम और समझ विकसित होती है।
उन्होंने युवाओं से अपने समाज, धर्म और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों को समझने और निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि आज का युवा ही समाज के भविष्य का निर्माता है। रौतिया समाज की एकजुटता की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक की सहभागिता यह दर्शाती है कि समाज जागरूक, संगठित और सशक्त है।

कार्यक्रम में शामिल हजारों लोग
सांस्कृतिक एवं खेल प्रतियोगिता

हवाई जम्प करते प्रतिभागी
दो दिवसीय राष्ट्रीय स्तरीय खेल प्रतियोगिता युवा महोत्सव की धूम रहीं। सूरजपुर, कोरबा, अंबिकापुर, ओडिशा, झारखंड, बंगाल, असम एवं जशपुर के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। खेल महोत्सव के दौरान फुटबॉल, क्रिकेट, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, दौड़, मटका फोड़ एवं रस्साकशी जैसी खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसके साथ ही जनजातीय नृत्य एवं गीत, युवा संवाद, पोस्टर मेकिंग, रील मेकिंग, नशामुक्ति शपथ, युवा-युवती परिचय सम्मेलन, जनजातीय फैशन शो, नेतृत्व विकास, करियर मार्गदर्शन, स्वरोजगार एवं स्टार्टअप से जुड़े सत्र, योग, प्राणायाम तथा प्रश्न–उत्तर सत्र भी आयोजित हुए। इस प्रतियोगिता में विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
छात्र – छात्राओं को सम्मान
10-12 वीं में मेरिट लिस्ट में पास छात्र छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए । अतिथियों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पांच राज्यों से सहभागिता
झारखंड, उड़ीसा, पश्चिम बंगाल, असम सहित देश के विभिन्न हिस्सों से हजारों की संख्या में समाज के लोगो ने बड़ी संख्या में सहभागिता दी।
कार्यक्रम में रौतिया समाज के प्रांतीय अध्यक्ष हेमनारायण सिंह, प्रांतीय सचिव पालू राम प्रधान, प्रांतीय कोषाध्यक्ष बजरंग राम सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। प्रमुख रूप से रामनारायण (सूरजपुर), बिंदेश्वर (रायगढ़), अभिषेक पल्लव (झारखंड), श्रवण, अशोक (उड़ीसा), विजय (शक्ति), सर्वेश सिंह, दीपक सिंह, संजीत राम, नितेश सिंह सहित काफी संख्या में लोग शामिल हुए।

