देवपुर में 23 नवंबर को सतनामी समाज के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा

सतनामी समाज की ब्लॉक स्तरीय बैठक

नगरी। नगरी विकासखंड के ग्राम देवपुर में सतनामी समाज की ब्लॉक स्तरीय बैठक आगामी 23 नवंबर, रविवार को आयोजित की जाएगी। यह बैठक गुरु घासीदास मंदिर प्रांगण में दोपहर में सम्पन्न होगी। समाज की एकता, संगठनात्मक मजबूती और भविष्य की कार्ययोजना पर सार्थक विमर्श के उद्देश्य से यह महत्वपूर्ण बैठक रखी गई है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए सतनामी समाज ब्लॉक नगरी के अध्यक्ष विष्णु कुमार टंडन, सचिव सचिन घनानंद सोनवानी, कोषाध्यक्ष भगत मंहरे, उपाध्यक्ष योगेंद्र भट्ट, सदस्य नंदलाल कश्यप तथा मीडिया प्रभारी चैन सिंह गहने ने बताया कि समाज के सभी सदस्य इस बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। पदाधिकारियों ने कहा कि समाज में संगठनात्मक मजबूती, सामाजिक एकजुटता और विकास की दिशा तय करने के लिए यह बैठक अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी।

बैठक के दौरान समाज के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी, जिसमें युवा वर्ग की भागीदारी बढ़ाने, सामाजिक कार्यक्रमों के संचालन, शिक्षा एवं जागरूकता अभियान, आर्थिक सुदृढ़ता से जुड़े विषय शामिल रहेंगे। समाज के वरिष्ठजनों के मार्गदर्शन और युवाओं के सुझावों के आधार पर आगामी वर्ष की कार्ययोजना भी निर्धारित की जाएगी।

पदाधिकारियों ने बताया कि समाज को मजबूत बनाने के लिए सभी सदस्यों का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज में संगठन की शक्ति तभी बढ़ती है जब सदस्य सक्रिय रूप से योगदान दें और सकारात्मक सोच के साथ आगे आएं। इसी भावना के साथ यह बैठक कॉल की जा रही है, जिसमें प्रत्येक सदस्य की उपस्थिति समाजहित में महत्वपूर्ण मानी गई है।

अध्यक्ष विष्णु कुमार टंडन ने बताया कि सामाजिक समरसता और संगठनात्मक विस्तार को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव इस बैठक में रखे जाएंगे। वहीं मीडिया प्रभारी चैन सिंह गहने ने कहा कि समाज के लोग अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपने अनुभव और सुझाव साझा करें, ताकि समाज के विकास में सामूहिक पहल संभव हो सके।

पदाधिकारियों ने सभी सामाजिक सदस्यों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने की अपील की है और कहा है कि बैठक में दिए जाने वाले रचनात्मक सुझाव समाज की प्रगति में अहम भूमिका निभाएंगे।

Back To Top