• यातायात नियमों का पालन करने की अपील
• यातायात नियमों के संबंध में जागरूक कर रहीं पुलिस
जशपुर । जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु जशपुर पुलिस अत्यंत संवेदनशील है, जिसके लिए पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह (भा. पु. से.) के नेतृत्व व दिशा निर्देश में पुलिस द्वारा लगातार आम जनता को यातायात नियमों के पालन हेतु जागरूक किया जा रहा है । साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर चालानी कार्यवाही भी की जा रही है।
जशपुर पुलिस द्वारा अंजोर रथ के माध्यम से जिले के बाजार हाटों में जाकर यातायात नियमों के पालन के संबंध में आम जनता को जागरूक किया जा रहा है। साथ ही हाइवे पेट्रोलिंग टीम के द्वारा हाइवे में आम जनता को यातायात नियमों के संबंध में जागरूक किया जा रहा है तथा जिले के अति दुर्घटनाजन्य स्थलों को जहां दो से अधिक दुर्घटनाएं हुई है को चिन्हित कर उनका निरीक्षण किया जा रहा है,जिससे कि सड़क दुर्घटनाओं के कारणों के बारे में पता कर बचाव हेतु आवश्यक उपाय किए जा सके।
पुलिस अधीक्षक ने निरीक्षण दौरान दुर्घटना के कारणों का पता करते हुए तीखे मोड़ में ब्रेकर, सांकेतिक बोर्ड, रेडियम पट्टी सहित आवश्यक व्यवस्था के निर्देश दिए हैं। जिससे कि दुर्घटना से बचाव हो सके।
120 प्रकरणो में चालानी कार्यवाही
यातायात जागरूकता के साथ -साथ जशपुर पुलिस द्वारा यातायात नियमों का उलंघन करने पर सख्त कार्यवाही भी की जा रही है। इसी तारतम्य में जशपुर पुलिस द्वारा विगत एक सप्ताह में यातायात नियमों के उल्लंघन करने विभिन्न 120 प्रकरणो में 1,07,900 रु की चालानी कारवाही की गई है।
पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह (भा. पु. से.) ने बताया कि बढ़ती सड़क दुघर्टना को देखते हुए एक तरफ जहां यातायात नियमों का उलंघन करने वालों के खिलाफ कानून के तहत् सख्ती की जा रही है, वहीं दूसरी ओर समझाइश भी दिया जा रहा है कि यातायात नियमों का पालन करें, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट व नशे की हालत में वाहन न चलाएं, इससे आपकी जान जा सकती है, जो आपके परिवार के लिए बहुत कीमती है।

