बाइक चोरी का खुलासा, नाबालिग से 40 हजार व 3 मोटरसायकल की बरामद

BY। चैन सिंह गहने

धमतरी ।जिले के थाना नगरी पुलिस ने लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लेकर उसके कब्जे से 40 हजार रुपये नकद (जिसमें 6,300 रुपये शेष मिले) एवं 03 चोरी की मोटरसायकिलें बरामद की हैं। यह कार्रवाई पुलिस की तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर सूचना और सतत् निगरानी का परिणाम है।

40,000 रुपये नकदी चोरी

थाना नगरी में अपराध क्रमांक 15/25, धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रार्थिया हंसीना बिझेंकर द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। 13 मार्च 2025 की रात गांधी उद्यान के सामने यात्री प्रतिक्षालय में होली पर नगाड़ा बेचने आए दंपत्ति के बैग से अज्ञात आरोपी ने 40 हजार रुपये चोरी कर लिए थे।

स्प्लेंडर मोटरसायकिल चोरी

अपराध क्रमांक 43/25, धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रार्थी जयकिशन दिवान की स्प्लेंडर मोटरसायकिल, कीमत लगभग 30,000 रुपये, को कृषि उपज मंडी परिसर से 10 अक्टूबर 2025 को चोरी कर लिया गया था।

पल्सर मोटरसायकिल चोरी

थाना सिहावा में अपराध क्रमांक 73/25 दर्ज किया गया था। प्रार्थी नंदकुमार नेताम की लाल पल्सर मोटरसायकिल, कीमत 30,000 रुपये, को 14 नवम्बर 2025 को जेएमएफसी देवपुर गेट के बाहर से चोरी कर ले जाया गया था।

पुलिस सक्रियता का परिणाम

नगरी पुलिस इन प्रकरणों में अज्ञात आरोपी की तलाश कर रही थी। इसी दौरान पेट्रोलिंग के समय सूचना मिली कि एक बालक चोरी की मोटरसायकिल बेचने ग्राहक तलाश रहा है। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर बस स्टैंड क्षेत्र से उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने सभी चोरी की घटनाओं को स्वीकार किया।उसकी निशानदेही पर छिपली गांव स्थित किराए के मकान से 6,300 रुपये नकद,स्प्लेंडर प्लस,काला-नीला स्प्लेंडर,लाल पल्सर मोटरसायकिल,गवाहों की मौजूदगी में बरामद की गईं।

आरोपी एक विधि से संघर्षरत बालक होने के कारण उसकी सामाजिक पृष्ठभूमि रिपोर्ट तैयार कर किशोर न्याय बोर्ड धमतरी के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। थाना नगरी पुलिस उससे अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ जारी रखे हुए है।


Back To Top